दुनावा में जय जगत पद यात्रा को दी गई भावभीनी विदाई


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर पूरी दुनिया में शांति और अहिंसा के संदेश को पहुंचाने के लिए 02 अक्टूबर 2019 से दिल्ली से शुरू हुई जय जगत पदयात्रा को बुधवार 01 जनवरी को जिले के मुलताई क्षेत्र के ग्राम दुनावा में भावभीनी विदाई दी गई। यहां से यात्रा ने छिंदवाड़ा जिले में प्रवेश किया। ग्राम दुनावा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एमएल त्यागी ने जय जगत पद यात्रा के सूत्रधार एवं संयोजक श्री राजगोपाल पीव्ही एवं पदयात्रियों को भावभीनी विदाई दी। इस दौरान जिला योजना समिति के सदस्य श्री सुनील शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं पदयात्रीगण मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि जय जगत यात्रा 2 अक्टूबर 2019 से शुरू हुई है। महात्मा गांधी और कस्तूरबा के 150वीं जन्म शताब्दी के वर्ष पूरी दुनिया में शांति और अहिंसा के संदेश को पहुंचाने के लिए यह यात्रा 10 देशों से पैदल यात्रा करते हुए 12 हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा करेगी। भारत में यह यात्रा 4 महीने चलेगी। गरीबी उन्मूलन, असमानता खत्म हो, जलवायु संकट और  हिंसा को रोकने जैसे 4 मुद्दे को लेकर 50 पदयात्री पूरे साल पैदल यात्रा करेंगे। अगले वर्ष अक्टूबर 2020 को यह यात्रा जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के सामने समाज के आखिरी व्यक्ति के न्याय और पूरी दुनिया में शांति की बात रखेंगे। इस यात्रा में 10 देशों और भारत के 18 अलग-अलग राज्यों से पदयात्री इस संदेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं।