कलेक्टर ने किया तहसील कार्यालयों एवं नगरपालिका का निरीक्षण
आमजन की समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश
बैतूल, 06 मार्च 2020
कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने शुक्रवार को जिले के शाहपुर एवं घोड़ाडोंगरी तहसील कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री सिंह नगर पालिका सारनी भी पहुंचे एवं वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
तहसील कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी शाहपुर सहित तहसीलदारों से समर्थन मूल्य पर रबी उपार्जन की तैयारियों की जानकारी ली। इसके साथ ही पीएम किसान एप में अपडेशन की प्रगति भी जानी। कलेक्टर ने क्षेत्र में रबी फसलों की स्थिति पर भी मैदानी राजस्व अमले से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों में तत्परता से कार्य किया जाए। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में किए जाने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया।
नगरपालिका सारनी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से नगरपालिका के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। यहां उन्होंने नागरिकों से भी चर्चा की। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें तथा उनका समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने किया तहसील कार्यालयों एवं नगरपालिका का निरीक्षण आमजन की समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश